Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुरु नगरी अमृतसर में 3 से 7 दिसंबर तक आयोजित होगा 20वां पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो : डिप्टी कमिश्नर

November 13, 2026

गुरु नगरी अमृतसर में 3 से 7 दिसंबर तक आयोजित होगा 20वां पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो : डिप्टी कमिश्नर

अमृतसर : गुरु नगरी अमृतसर में 20वां पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो 3 दिसंबर से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस पांच दिवसीय मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में कारोबारियों और उद्योगपतियों के शामिल होने की उम्मीद है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि पी.एच.डी. चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा पंजाब सरकार के सहयोग से आयोजित किया जाने वाला पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो (पाइटेक्स) राज्य में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह व्यापार मेला पंजाब के कारोबारियों को नए अवसर प्रदान करने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।

डिप्टी कमिश्नर द्वारा पाइटेक्स-2026 की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग की ओर से एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, ताकि मेले के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में आपसी तालमेल बना रहे और किसी भी प्रकार की समस्या का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य राज्य को खुशहाल और रंगला पंजाब बनाना है, जिसके लिए उद्योग, व्यापार और पर्यटन के क्षेत्रों का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अमृतसर न केवल पंजाब बल्कि पूरी दुनिया में रहने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र और एक प्रमुख पर्यटन स्थल है।

उन्होंने कहा कि पिछले 19 वर्षों के दौरान पाइटेक्स ने देश-विदेश के कारोबारियों को एक साझा मंच पर लाकर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। आज यह मेला केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पंजाब की औद्योगिक क्षमता, संस्कृति और पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का भी एक प्रभावशाली मंच बन गया है।

बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर श्रीमती पल्लवी मिश्रा, सहायक कमिश्नर नगर निगम श्री राजिंदर शर्मा, उद्योग विभाग से श्री गुरइकबाल सिंह, सी.ए. कम कन्वीनर श्री जैदीप सिंह, रीजनल डायरेक्टर पी.एच.डी. श्रीमती जग्यासा नरूला, श्री हरदीप सिंह, श्री निपुण अग्रवाल, श्री सुमित कुमार तथा विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें