बरनाला : बरनाला के भदौड़ गांव कर्मगढ़ की एक 22 वर्षीय लड़की गुरमीत कौर की कनाडा में दिल का दौरा पड़ने से मौत हाे गई हैं। गुरमीत कौर एक साल पहले रोजी रोटी की तलाश में अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए कनाडा गई थी।
गुरमीत कौर के नाना सुधागर सिंह बुट्टर और पिता परमजीत सिंह ने बताया कि मेरी बेटी गुरुमीत कौर ने I ELTS किया था और उसके बाद उसकी शादी ढाई साल पहले लखवीर सिंह पुत्र गुरचरण सिंह निवासी गांव थमनगढ़ जिला (बठिंडा) से हुई थी। इसके बाद रोजी-रोटी कमाने के लिए 29 दिसंबर 2023 को सरे (कनाडा) में पढ़ाई के लिए भेजा गया।
उन्हाेंने बताया कि गुरमीत कौर का एक सेमेस्टर पूरा हो गया और हमने दूसरे सेमेस्टर की 8 हजार डॉलर की फीस भर दी थी, लेकिन पढ़ाई के साथ-साथ काम न मिलने के कारण वह मन ही मन तनाव में रहती थी। 1 सितंबर को हमें गुरमीत कौर के साथ रहने वाली लड़कियों का फोन आया कि कल रात दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई है।
गुरमीत कौर के परिवारजनाें ने पंजाब सरकार से अपील करते हुए कहा कि वह मेरी बेटी के शव को पंजाब लाने में हमारी मदद करें ताकि हम अपनी बेटी को आखिरी बार देख सकें।

