पटियाला: पटियाला पुलिस ने पैट्रोल बम से हमला करके घर में आग लगाने की कोशिश करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी वरुण शर्मा की देखरेख में की गई कार्रवाई के बारे में एसपी पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि इस मामले में थाना अनाज मंडी में दर्ज केस के तहत कार्रवाई की गई है। 25 जुलाई की मध्यरात्रि को मोटरसाइकिल पर सवार कुछ अज्ञात युवकों ने अबचल नगर निवासी परमिंदर सिंह उर्फ रूबल के घर के मुख्य गेट पर बीयर की बोतल में पैट्रोल भरकर, कपड़े की बत्ती लगाकर उसे आग के हवाले करके फैंक दिया।
घटना का उद्देश्य घर में आग लगाना था। बोतल फटने के बाद जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें उठीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न टीमों का गठन किया। गुप्त सूचना, तकनीकी विश्लेषण और जांच के आधार पर पुलिस ने हरविंदर सिंह उर्फ जॉनी, निवासी रंजीत नगर, हरसजीत सिंह उर्फ हरस, निवासी हसनपुर प्रहोता तथा परमेश्वर उर्फ उदे प्रताप सिंह, निवासी रसूलपुर सैदा को 29 जुलाई को थाना अनाज मंडी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई यामहा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ जॉनी की शिकायतकर्त्ता परमिंदर सिंह उर्फ रूबल के साथ पुरानी रंजिश थी। इसी दुश्मनी के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची। आरोपियों ने पहले सरहिंद रोड स्थित एक पैट्रोल पंप से मोटर साइकिल में पैट्रोल भरवाया, फिर उसी पैट्रोल को बीयर की बोतल में निकालकर शिकायतकर्त्ता के घर पहुंचकर उसमें आग लगाई और मुख्य गेट पर फैंक दिया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ। पुुलिस के मुताबिक आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी विस्तृत जांच की जा सके।

