Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना के विफल ग्रेनेड हमले के आरोपी 3 भारतीय गैंगस्टर मलेशिया से निर्वासित

नई दिल्ली : भारतीय सुरक्षा एजैंसियों ने लुधियाना के विफल ग्रेनेड हमले के आरोपी 3 भारतीय गैंगस्टरों को मलेशिया से निर्वासित कराने में सफलता हासिल की है। भारत पहुंचते ही तीनों को आईजीआई एयरपोर्ट पर पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अब उन्हें पंजाब ले जाकर पूछताछ की जा रही है। भारतीय एजैंसियों ने इस वर्ष अब तक 51 कुख्यात अपराधियों को निर्वासित कराने में कामयाबी हासिल की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह बात कही।

गृह मंत्रालय ने कहा कि भारतीय एजैंसियों ने 3 भगौड़े भारतीय गैंगस्टरों को गिरफ्तार करवाया है, उन्हें मलेशिया से भारत निर्वासित कराकर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इनकी पहचान जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवंदीप सिंह के रूप में हुई है और इनके बंबीहा गैंग से जुड़े होने की बात कही गई है। इन पर जबरन वसूली, सीमा-पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी तथा लुधियाना में विफल किए गए ग्रेनेड हमले सहित कई अपराधों का आरोप है। रिपोर्टों में कहा गया है कि इस गिरोह के सदस्यों के तार पाकिस्तान की खुफिया एजैंसी आईएसआई से जुड़े हुए हैं।

Exit mobile version