Site icon Dainik Savera Times

328 पावन स्वरूप मामले में SIT की बड़ी कार्रवाई, सतिंदर कोहली के 15 ठिकानों पर की छापेमारी

पंजाब डेस्क : अमृतसर में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूपों के गायब होने के मामले में पंजाब पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बता दें कि पुलिस कमिश्नर अमृतसर, गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इस मामले में आरोपी व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अदालत से सभी नामजद आरोपियों के लिए तलाशी वारंट प्राप्त कर लिए गए हैं। इसी के तहत आज पंजाब और चंडीगढ़ में कुल 15 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। इन छापेमारियों में बीते दिनों गिरफ्तार किए गए सतिंदर सिंह कोहली के चंडीगढ़ स्थित ठिकाने भी शामिल हैं। इसके अलावा अमृतसर शहर में आठ स्थान और गुरदासपुर व रोपड़ जिले के अन्य इलाके भी जांच में शामिल हैं।

साक्ष्यों की होगी पूरी रिकॉर्डिंग

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उन्हें रिकॉर्ड पर लाया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य हर पहलू की गहन जांच करना है ताकि पावन स्वरूपों से जुड़ी पूरी सच्चाई उजागर हो सके।

इस मामले में सतिंदर सिंह कोहली को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस ने रिमांड हासिल किया है, ताकि उनसे गहन पूछताछ की जा सके।

जानें कौन हैं सतिंदर कोहली?

जानकारी के अनुसार, सतिंदर कोहली एसएस कोहली एंड एसोसिएट्स से जुड़े हैं। साल 2009 में एसजीपीसी ने फर्म को आंतरिक ऑडिट, खातों के कंप्यूटरीकरण और नियंत्रण प्रणाली के लिए नियुक्त किया था। इसके लिए फर्म को 3.5 लाख रुपये प्रतिमाह का भुगतान किया जा रहा था।

ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: भारतीय सेना ने राजौरी में LoC के पास कम्युनिटी रेडियो स्टेशन किया शुरू

जांच में पाया गया कि फर्म ने चार जिम्मेदारियों में केवल एक ही निभाई, जिससे पावन स्वरूपों के गबन को समय रहते रोका नहीं जा सका। इसी आधार पर साल 2020 में एसजीपीसी ने कोहली की सेवाएं समाप्त कर दी थीं और 75 प्रतिशत भुगतान की वसूली का प्रस्ताव भी पारित किया गया था।

पुलिस अब पूरे मामले की तह तक जाकर सच्चाई उजागर करने और दोषियों को न्याय के कटघरे में खड़ा करने में जुटी हुई है।

Exit mobile version