Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

जमीन विवाद में 36 वर्षीय युवक की मौत, तीन लोगों पर मामला दर्ज

August 7, 2026

जमीन विवाद में 36 वर्षीय युवक की मौत, तीन लोगों पर मामला दर्ज

निहाल सिंह वाला: 7 अगस्त थाना निहाल सिंह वाला क्षेत्र के गांव नंगल में जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में 36 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद के दौरान लगातार मिल रही कथित धमकियों के कारण युवक मानसिक तनाव में था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मृतक की पहचान जगजीत सिंह (36) निवासी गांव नंगल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, जगजीत सिंह करीब 10 एकड़ जमीन का मालिक था और इसी जमीन को लेकर गांव के कुछ लोगों के साथ उसका विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के चलते उसे लगातार धमकाया जा रहा था, जिससे वह लंबे समय से तनाव में था।बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे संभालने का प्रयास करते रहे, लेकिन उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना निहाल सिंह वाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।मामले की जानकारी देते हुए थाना निहाल सिंह वाला के हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार ने बताया कि विभागीय जांच और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर दर्शप्रीत सिंह सहित तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

📍 Location: निहाल सिंह वाला

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें