Site icon Dainik Savera Times

एसआईआर में शानदार कार्य पर 37 बीएलओ सम्मानित

37 BLOs felicitated for their work in SIR :  अमृतसर। एसआईआर के पहले चरण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 37 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) पल्लवी मिश्रा ने अधिकारियों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर मतदाता सूची को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि एस.आई.आर. प्रक्रिया के पहले चरण को सफलतापूर्वक पूरा करने में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा जमीनी स्तर पर निभाई गई जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि एस.आई.आर. के पहले चरण के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों ने अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में मतदाताओं से सीधे संपर्क कर उन्हें एस.आई.आर. प्रक्रिया संबंधी जानकारी दी तथा एन्यूमरेशन फॉर्म से संबंधित कार्य को सुचारू ढंग से पूरा करवाया। उनके द्वारा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने, फॉर्म से संबंधित प्रक्रिया में सहायता करने तथा बूथ स्तर पर लोगों की चुनाव संबंधी आवश्यकताओं का समाधान करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई गई। अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने कहा कि एस.आई.आर. का पहला चरण चुनाव प्रक्रिया को और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा की गई मेहनत और लोगों के साथ निरंतर संपर्क ने इस प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी चुनाव प्रबंधन की एक बेहद महत्वपूर्ण कड़ी हैं और मतदाता सूची को सही, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन द्वारा एस.आई.आर. के पहले चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाले 37 बूथ लेवल अधिकारियों को जिला स्तर पर सम्मानित करना उनकी मेहनत, समर्पण और जिम्मेदारी की सराहना का प्रतीक है। इस अवसर पर सम्मानित बूथ लेवल अधिकारियों ने जिला प्रशासन का धन्यवाद करते हुए विश्वास दिलाया कि वे एस.आई.आर. के आगामी चरणों में भी पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभाएंगे। इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार श्री राजिंदर सिंह काहलों तथा जिला स्वीप टीम के सदस्य भी उपस्थित थे।
Exit mobile version