Site icon Dainik Savera Times

गारमैंट शॉप के मुलाजिम को अगवा कर 70 हजार लूटने वाले 4 बदमाश इनोवा कार सहित गिरफ्तार

लुधियाना: गारमैंट शॉप के मुलाजिम को अगवा कर 70 हजार रुपए लूटने वाले चार बदमाशों को थाना जमालपुर की पुलिस ने काबू कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 19 हजार रुपए, एक इनोवा कार, 2 बाइक, एक खिलौना पिस्तौल, एक दात व पीड़ित का आधार कार्ड बरामद किया है। आरोपियों की पहचान गांव कुत्तबेवाल गुज्जरां, लाडोवाल निवासी गुरविंदर सिंह उर्फ रूबी, जज सिंह उर्फ बब्लू व सोनू सिंह, गांव फतेहगढ़ गुज्जरां, लाडोवाल निवासी बीरबल उर्फ बंटी के रूप में हुई है।

ए.सी.पी. (इंडस्ट्री एरिया) जसबिंदर सिंह ने बताया कि घटना 24 अप्रैल की है। जी.टी.बी. नगर के रहने वाले बलजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अकालगढ़ मार्कीट में गारमैंट शॉप में काम करता है। उसने बताया कि उसने दुकान की 2 जगहों से 70 हजार रुपए पेमैंट ली। पेमैंट लेने के बाद वह स्कूटी पर घर जा रहा था। जब वह वीर पैलेस के साथ वाली गली में मुड़ा, तभी पीछे से आई गोल्डन रंग की इनोवा कार ने उसे टक्कर मार दी। वह नीचे गिर गया। तभी इनोवा कार से 2-3 युवक उतरे और जबरन उसे गाड़ी में बैठा लिया। उनके पास दात व पिस्तौल थे। उन लोगों ने उसे धमकाया और उससे 70 हजार रुपए छीन लिए। इसके बाद वह उसे कोहाड़ा में सड़क किनारे उतारकर फरार हो गए। उसने इस बारे में अपने मालिकों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। ए.सी.पी. का कहना है कि इसके बाद पुलिस ने अज्ञात इनोवा कार सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू की।

थाना जमालपुर के इंचार्ज और उनकी टीम को आरोपियों के बारे में इनपुट मिले, जिस पर उन्होंने ट्रैप लगाया और चारों बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपियों पर पहले भी मामले दर्ज हैं। वह रेकी करके राहगीरों से लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते हैं। अब तक वह कई वारदातों को अंजाम दे चुके है। आरोपी जज सिंह पर थाना फोकल प्वाइंट में एक मामला दर्ज है, जबकि गुरविंदर सिंह पर भी 2 मामले दर्ज हैं। बाकी 2 का पुलिस आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।

Exit mobile version