
456 bottles of liquor seized; two absconding : मोगा। नशे और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वरुना कार से 456 बोतल शराब बरामद की है। पुलिस को देखते ही कार में सवार दो आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शराब और कार कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए थाना सिटी मोगा के सहायक थानेदार नछत्तर सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर राजन सहगल, एक्साइज सर्कल मोगा द्वारा पुलिस को दिए बयान के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ एक्साइज विभाग की सर्च के सिलसिले में एम.पी. बस्ती लंडेके के नजदीक मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को सामने से एक वरुना कार आती दिखाई दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर कार चालक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर कार में सवार दोनों व्यक्ति वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस पार्टी ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपी भागने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई वरुना कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर से शराब की 456 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने शराब और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की पहचान विजय कुमार पुत्र महेन्द्र मेहता निवासी गांव लंडेके तथा रमन कुमार पुत्र काबल कुमार निवासी मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी मोगा में एक्साइज एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...