Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

खन्ना के बाउपुर में 49 परिवारों को मिले मालिकाना हक के प्रॉपर्टी कार्ड

October 13, 2026

खन्ना के बाउपुर में 49 परिवारों को मिले मालिकाना हक के प्रॉपर्टी कार्ड

खन्ना : पंजाब सरकार की ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत खन्ना हलके के गांव बाउपुर में विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पंजाब के कैबिनेट मंत्री और खन्ना के विधायक तरुनप्रीत सिंह सौंद ने 49 लाभार्थियों को मालिकाना हक के प्रॉपर्टी कार्ड सौंपे। कार्ड मिलने से लाभार्थियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल की सराहना की।

कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि पंजाब सरकार हर व्यक्ति को उसके घर का मालिकाना हक दिलाने के सिद्धांत पर काम कर रही है, ताकि कोई भी परिवार अपने घर या प्लॉट के कानूनी अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि कई परिवार वर्षों से अपने घरों में रह रहे थे, लेकिन मालिकाना हक के दस्तावेज नहीं होने के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

अब प्रॉपर्टी कार्ड मिलने से इन परिवारों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल दस्तावेज सौंपने तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मालिकाना हक मिलने से लोग अपने घरों की मरम्मत, नए निर्माण और अन्य विकास कार्यों को अधिक आत्मविश्वास के साथ कर सकेंगे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं लागू कर रही है। इनमें सड़कें, पीने का स्वच्छ पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सफाई जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रॉपर्टी कार्ड प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने इसे अपने लिए ऐतिहासिक पल बताया। उन्होंने कहा कि वर्षों से जिस मालिकाना हक का इंतजार था, अब उसके दस्तावेज मिलने से उनके घरों को कानूनी सुरक्षा मिलेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें