जालंधर: कैंट के गढ़ा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित 900 मीटर लंबे फ्लाईओवर के विरोध में दुकानदारों का प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को दुकानदारों ने गढ़ा फाटक से रोष मार्च निकालकर प्रोजेक्ट के खिलाफ आवाज उठाई। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें इस आरओबी की जरूरत नहीं है और इसके निर्माण से उनका कारोबार प्रभावित होगा।
दुकानदारों ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू द्वारा इसी साल फ्लाईओवर का उद्घाटन किया गया था। उस समय भी दुकानदारों ने प्रोजेक्ट का विरोध करते हुए इसे न बनाने की अपील की थी। हाल ही में काम शुरू होने पर दुकानदारों ने विरोध कर निर्माण कार्य रुकवा दिया था।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, दो दिन पहले डिप्टी मेयर मलकीत सिंह सुभाना और सबरजीत सिंह मक्कड़ ने दुकानदारों से मुलाकात कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। दुकानदारों का कहना है कि आरओबी बनने से करीब 5 हजार दुकानदार प्रभावित होंगे, जबकि मनमोहन सिंह ने दावा किया कि इससे 25 हजार लोग बेरोजगार हो सकते हैं।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने आरओबी निर्माण को लेकर इलाके के निवासियों से चर्चा नहीं की। उन्होंने मांग की कि उनकी आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाई जाए और प्रोजेक्ट रद्द करवाया जाए। जल्द ही दुकानदार मेयर विनीत धीर से मुलाकात कर अपनी मांगें रखेंगे।
📍 Location: जालंधर गड़ा रोड (जालंधर)

