Site icon Dainik Savera Times

गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से जुड़ा पर्यावरण अभियान, अमृतसर में लगाए जा रहे 6.50 लाख पौधे

Prakash Utsav of Guru Ravidas Ji

Prakash Utsav of Guru Ravidas Ji

अमृतसर: श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा जिले भर में 6.50 लाख पौधे लगाने के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान तेजी से जारी है। विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा जिले के सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाए जा रहे हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी ने संपूर्ण मानवता को समानता, निःस्वार्थ सेवा और प्रकृति से प्रेम करने का संदेश दिया है। गुरु साहिब के 650वें प्रकाश उत्सव को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए जिला प्रशासन द्वारा जिले भर में 6.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे समय पर पूरा करने के लिए सभी विभाग एवं सामाजिक संस्थाएं मिलकर कार्य कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि ये पौधे गांवों की सांझी जगहों, शामलात जमीनों, शहरी पार्कों, सरकारी एवं निजी स्कूलों-कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, सड़कों के किनारों, नहरों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जा रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा एवं उचित देखभाल सुनिश्चित करते हुए उन्हें बड़े वृक्षों के रूप में विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि जिस विभाग या संस्था को पौधे उपलब्ध करवाए जाएंगे, उनकी देखभाल एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उसी विभाग या संस्था की होगी।

उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं, क्लबों तथा आम लोगों से इस पर्यावरण हितैषी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि यह प्रयास श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को व्यावहारिक रूप से अपनाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उपायुक्त श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा सभी सरकारी विभागों एवं सामाजिक संस्थाओं को आवश्यकता के अनुसार पौधे निःशुल्क उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने की अपील की।

Exit mobile version