Site icon Dainik Savera Times

चल रहा अभियान, लगाए जाएंगे 6.50 लाख पौधे

6.50 lakh saplings will be planted : अमृतसर। श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित जिला प्रशासन की ओर से पूरे जिले में 6.50 लाख पौधे लगाने का विशेष अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से जिले के सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है।

पौधारोपण के साथ संरक्षण पर भी जोर

डीसी अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह, आई.ए.एस. ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने समस्त मानवता को समानता, निस्वार्थ सेवा तथा प्रकृति से प्रेम का संदेश दिया है। गुरु जी के 650वें प्रकाश उत्सव को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जिले में 6.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पौधे गांवों की सांझी भूमि, शामलात भूमि, शहरी पार्कों, सरकारी और निजी स्कूलों-कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, सड़कों के किनारे, नहरों के किनारे तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जा रहे हैं। डीसी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी उचित देखभाल, सुरक्षा तथा उन्हें विकसित कर बड़े वृक्षों में परिवर्तित करना भी है।

हर नागरिक लगाए एक पौधा : डीसी

उन्होंने कहा कि जिन विभागों अथवा संस्थाओं को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, उनकी देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग अथवा संस्था की होगी। उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं, क्लबों तथा आम नागरिकों से इस पर्यावरण संरक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि यह पहल श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को व्यवहार में अपनाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उपायुक्त श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा सभी सरकारी विभागों एवं सामाजिक संस्थाओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपना सक्रिय योगदान देने की अपील की।

Exit mobile version