Site icon Dainik Savera Times

Moga News : बाघापुराना में 60% और धर्मकोट में 58% मतदान, वोट से वंचित रहे कई मतदाता

60% Polling in Bagha Purana, 58% in Dharamkot : मोगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर बाघापुराना और धर्मकोट नगर कौंसिल चुनावों के लिए शनिवार को हुई दोबारा वोटिंग शाम 4 बजे समाप्त हो गई। बाघापुराना में करीब 60 प्रतिशत और धर्मकोट में 58 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी मिली है।

अंतिम आंकड़े और चुनाव परिणाम आने बाकी हैं। मतदान का समय समाप्त होने पर गेट बंद होने से कुछ मतदाता वोट डालने से वंचित रह गए। एक उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण करीब 50 मिनट मतदान प्रभावित हुआ, लेकिन अतिरिक्त समय नहीं दिया गया। बाघापुराना में करीब 60 प्रतिशत और धर्मकोट में लगभग 58 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी मिली है। हालांकि, मतदान के अंतिम आंकड़े अभी जारी होने बाकी हैं। दोनों नगर कौंसिलों के चुनाव परिणामों का भी इंतजार किया जा रहा है। मतदान के दौरान जहां लोगों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला, वहीं मतदान का समय समाप्त होने के बाद पोलिंग स्टेशनों के बाहर कई मतदाता निराश दिखाई दिए। गेट बंद होने के कारण कुछ मतदाताओं को बिना वोट डाले ही लौटना पड़ा।

बाहर खड़े मतदाताओं ने प्रशासनिक प्रबंधों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें मतदान का अवसर मिलना चाहिए था। वार्ड नंबर तीन से शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार ने सुप्रीम कोर्ट का आभार जताते हुए कहा कि अदालत के निर्देशों के कारण शहर के लोगों को लंबे समय बाद अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने लोगों के मतदान के अधिकार के लिए पुलिस थानों से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक संघर्ष किया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार लोगों को अपने वार्ड का पार्षद चुनने का अवसर मिला, जिसके चलते मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। उम्मीदवार ने प्रशासन की ओर से किए गए प्रबंधों की सराहना करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है।

 

उन्होंने सत्ताधारी पक्ष पर मतदाताओं को प्रलोभन देने और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि मतदान के अंतिम आंकड़े बाद में सामने आएंगे, क्योंकि शाम चार बजे तक कुछ मतदाता पोलिंग स्टेशनों के अंदर मौजूद थे। वोट डालने से वंचित रह गए एक अन्य उम्मीदवार ने बताया कि वह मतदान के लिए शाम चार बजे से पहले पोलिंग स्टेशन पहुंच गया था, लेकिन उस समय तक गेट बंद हो चुके थे। उम्मीदवार ने दावा किया कि मतदान मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण करीब 50 मिनट तक वोटिंग नहीं हो सकी थी।

उसके अनुसार, मशीन में खराबी के कारण बर्बाद हुए समय की भरपाई के लिए अतिरिक्त समय देने की बात कही गई थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उसने कहा कि यदि उसे कुछ मिनट और मिल जाते तो वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकता था। उम्मीदवार ने कहा कि लंबे समय बाद लोगों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिला था, लेकिन वह खुद वोट नहीं डाल सका। इस कारण उसे काफी निराशा हुई है।

Exit mobile version