चंडीगढ़ : श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित समारोहों की श्रृंखला के तहत पंजाब सरकार द्वारा चार अलग-अलग मार्गों पर विशाल शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं, जो खुरालगढ़ साहिब के पवित्र स्थल पर पहुंचकर संपन्न होंगी। ये शोभायात्राएं देश और पंजाब के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरेंगी तथा श्री गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और दर्शन का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगी।
कल, 30 नवंबर को वाराणसी और जम्मू से शोभायात्राएं शुरू होंगी। शेष दो शोभायात्राएं 1 दिसंबर को बठिंडा और 2 दिसंबर को फरीदकोट से रवाना होंगी। वाराणसी से शोभायात्रा शुरू होने से पहले मान सरकार द्वारा सीर गोवर्धनपुर स्थित श्री गुरु रविदास जी के जन्मस्थान मंदिर में विशाल कीर्तन समागम करवाया जाएगा, जिसके साथ इन महत्वपूर्ण स्मृति समारोहों की श्रृंखला का शुभारंभ होगा।
इन ऐतिहासिक समारोहों के संबंध में कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, डॉ. बलजीत कौर, तरुनप्रीत सिंह सौंद, हरभजन सिंह ई.टी.ओ. और डॉ. रवजोत सिंह, सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल तथा अन्य प्रमुख हस्तियां श्रद्धालुओं के साथ वाराणसी पहुंच चुकी हैं। इसी तरह कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क जम्मू से शुरू होने वाली शोभायात्रा में शामिल होंगे।
चारों शोभायात्राओं का उनके निर्धारित मार्गों पर प्रमुख धार्मिक नेताओं द्वारा नेतृत्व किया जाएगा। डेरा बल्लां के संत निरंजन दास जी वाराणसी शोभायात्रा का नेतृत्व करेंगे, जबकि संत केवल सिंह जी फरीदकोट शोभायात्रा, संत निर्मल दास जी बठिंडा शोभायात्रा और संत गुरदीप गिरी जी जम्मू शोभायात्रा की अगुवाई करेंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...