Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर CM मान का ऐलान: 4 से 6 दिसंबर तक खुरालगढ़ में होंगे बड़े आयोजन

November 18, 2026

गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर CM मान का ऐलान: 4 से 6 दिसंबर तक खुरालगढ़ में होंगे बड़े आयोजन

चंडीगढ़: पंजाब में श्री गुरु रविदास महाराज का 650वां प्रकाश पर्व इस बार बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर 4 से 6 दिसंबर तक खुरालगढ़ में तीन दिवसीय धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पंजाब सरकार की ओर से इन समागमों को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गुरु रविदास महाराज की समानता, मानवता और सामाजिक न्याय की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।

4 दिसंबर से शुरू होंगे तीन दिवसीय धार्मिक समागम

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी।

इस दौरान गुरु रविदास महाराज के जीवन और दर्शन पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा संत सम्मेलन, कथा, कीर्तन दरबार, 3D प्रोजेक्शन और ड्रोन शो सहित कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होंगी।

5 दिसंबर को निकलेगा विशाल नगर कीर्तन

प्रकाश पर्व के दूसरे दिन यानी 5 दिसंबर को खुरालगढ़ में विशाल नगर कीर्तन सजाया जाएगा। इस अवसर पर श्री गुरु रविदास महाराज की बाणी और उनकी शिक्षाओं पर विशेष कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी।

इसके साथ ही कथा-कीर्तन दरबार, 3D प्रोजेक्शन और ड्रोन शो भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। सरकार का प्रयास है कि इन आयोजनों के माध्यम से गुरु महाराज के आध्यात्मिक संदेश और सामाजिक सुधार के विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।

6 दिसंबर को होगा श्री अखंड पाठ साहिब का भोग

तीन दिवसीय समारोह का समापन 6 दिसंबर को होगा। इस दिन श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे। इसके बाद बेगमपुरा समागम, कथा और कीर्तन दरबार सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन कार्यक्रमों में देश-विदेश से आने वाली संगत की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

चार दिशाओं से निकलेंगी विशाल शोभा यात्राएं

गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को लेकर मुख्यमंत्री ने चार बड़ी शोभा यात्राएं निकालने की भी घोषणा की है। ये यात्राएं वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से संत समाज के मार्गदर्शन में रवाना होंगी।

इन सभी धार्मिक यात्राओं का 3 दिसंबर को खुरालगढ़ में समापन होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यात्राओं के दौरान सुरक्षा, सुविधाओं और आपसी तालमेल के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।

13 हजार गांवों तक पहुंचाया जा रहा गुरु रविदास जी का संदेश

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि गुरु रविदास महाराज के जीवन और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार की ओर से सालभर कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इनमें प्रमुख रूप से प्रदेश के 13,000 गांवों में डॉक्यूमेंट्री फिल्मों की स्क्रीनिंग, 90 विधानसभा क्षेत्रों में ड्रोन शो, स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताएं, सेमिनार, वर्कशॉप और विशेष कीर्तन समागम, मैराथन और रक्तदान शिविर, पौधारोपण अभियान शामिल हैं।

इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को गुरु रविदास महाराज के योगदान तथा उनके सामाजिक सुधार के विचारों से परिचित करवाना है।

ये भी पढ़ें…

पूरी कैबिनेट के साथ शामिल होंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार इस ऐतिहासिक प्रकाश पर्व को यादगार बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। उन्होंने घोषणा की कि वह अपनी पूरी कैबिनेट के साथ खुरालगढ़ में आयोजित होने वाले समागमों में शामिल होंगे।

बैठक में कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, तरुनप्रीत सिंह सौंद, हरदीप सिंह मुंडियां और डॉ. रवजोत सहित मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा और कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें