Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

67वीं तीर्थ यात्रा बस रवाना, श्रद्धालु करेंगे तीन धार्मिक स्थलों के दर्शन

October 10, 2026

67वीं तीर्थ यात्रा बस रवाना, श्रद्धालु करेंगे तीन धार्मिक स्थलों के दर्शन

67th Pilgrimage Bus Flagged Off from Jandiala Guru : अमृतसर। पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के गांव वडाली डोगरां से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 67वीं बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बस से श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब, श्री कीरतपुर साहिब और श्री नैना देवी धाम के दर्शन करेंगे। मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार की इस योजना के तहत यात्रा, रहने और खाने सहित सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं। उनके अनुसार, अब तक प्रदेश में पांच लाख से अधिक श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं।

इस बस के माध्यम से संगत को श्री आनंदपुर साहिब, श्री कीरतपुर साहिब और श्री नैना देवी धाम के दर्शन करवाए जाएंगे। संगत को रवाना करने के अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत प्रदेशवासियों को विभिन्न धार्मिक स्थलों के निःशुल्क दर्शन करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मान सरकार ने तीर्थ यात्रा योजना शुरू करके बुजुर्गों की तीर्थ स्थलों के दर्शन करने की मनोकामना पूरी की है।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह निःशुल्क है। यात्रियों को धार्मिक स्थलों तक ले जाने और वापस लाने के अलावा यात्रा के दौरान रहने-खाने सहित अन्य आवश्यक प्रबंध भी पंजाब सरकार द्वारा किए जाते हैं, ताकि हर वर्ग के लोग बिना किसी आर्थिक बोझ के अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अब तक प्रदेशभर में पांच लाख से अधिक श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतिदिन पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से धार्मिक स्थलों के लिए तीर्थ यात्रा बसें रवाना हो रही हैं। इसी कड़ी में आज विधानसभा हलका जंडियाला गुरु से 67वीं तीर्थ यात्रा बस रवाना की गई है। तीर्थ यात्रा करने वाले बुजुर्गों द्वारा भी पंजाब सरकार की इस पहल की सराहना की जा रही है। उनका मानना है कि सरकार ने उन्हें तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाकर ‘श्रवण पुत्र’ की भूमिका निभाई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें