अमृतसर: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने गांव वडाली डोगरां से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 67वीं बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बस में सवार श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब, श्री कीरतपुर साहिब और श्री नैना देवी धाम के दर्शन करेंगे।
बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थ यात्रा की सुविधा
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों को धार्मिक स्थलों के निःशुल्क दर्शन करवाने के लिए यह योजना चला रही है। इसका उद्देश्य बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा करने की इच्छा पूरी करना है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान आने-जाने, रहने और खाने समेत जरूरी सुविधाओं का खर्च सरकार उठाती है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और बुजुर्गों को भी धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
पांच लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन
मंत्री ने कहा कि अब तक पंजाब में पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालु इस योजना के माध्यम से विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार बसें रवाना की जा रही हैं।
तीर्थ यात्रा पर जा रहे बुजुर्गों ने भी सरकार की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस योजना से उन्हें बिना आर्थिक परेशानी के अपने धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का मौका मिल रहा है।

