Site icon Dainik Savera Times

खेडां वतन पंजाब दियां में 7 हजार खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा 

7,000 Players Participate in Khedan : मोगा। पंजाब सरकार के खेल विभाग द्वारा राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत जिला मोगा के सभी ब्लॉकों में आयोजित ब्लॉक स्तरीय मुकाबले 16 सितंबर को सफलतापूर्वक संपन्न हो गए हैं।

इन मुकाबलों में जिले के गांवों और शहरों से लगभग 7 हजार खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया। इस बार टेनिस बॉल क्रिकेट को भी मुकाबलों में शामिल किया गया है। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ राज्य के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें नशे से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को अधिक से अधिक खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तरीय मुकाबलों में पहला और दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी तथा विजेता टीमें अगले चरण के जिला स्तरीय मुकाबलों में भाग लेंगी। जिला मोगा के जिला स्तरीय मुकाबले 28 सितंबर 2026 से शुरू होंगे, जिनके लिए खेल विभाग द्वारा आवश्यक प्रबंधों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तरीय मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के लिए उचित प्रबंध, बेहतर खेल सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि मुकाबलों को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए विभागीय अधिकारियों और कोचों द्वारा आपसी तालमेल के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने जिले के सभी युवाओं को आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं और खेल मैदानों से जुड़कर स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
Exit mobile version