85th Pilgrimage Bus Flagged Off from Jandiala Guru : अमृतसर। पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत विधानसभा हलका जंडियाला गुरु से तीर्थ यात्रा बसों के रवाना होने का सिलसिला लगातार जारी है।
राज्य के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज जंडियाला गुरु के वार्ड नंबर 1 से हलके की 85वीं तीर्थ यात्रा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बस के माध्यम से श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब, श्री कीरतपुर साहिब और श्री नैना देवी धाम के दर्शन करेंगे। श्रद्धालुओं को रवाना करने के अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत राज्यवासियों को विभिन्न धार्मिक स्थलों के निःशुल्क दर्शन करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह निःशुल्क है। यात्रियों को धार्मिक स्थलों तक ले जाने और वापस लाने के अलावा यात्रा के दौरान रहने-सहने सहित अन्य आवश्यक प्रबंध भी राज्य सरकार द्वारा किए जाते हैं, ताकि हर वर्ग के लोग बिना किसी आर्थिक बोझ के अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का विधानसभा हलका जंडियाला गुरु की संगत को भरपूर लाभ मिल रहा है और आज हलके से 85वीं तीर्थ यात्रा बस रवाना की गई है। उन्होंने कहा कि राज्यवासी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना की और मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया।

