9 Held in Drug Crackdown : मोगा। नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत बधनी कलां पुलिस ने 17 से 23 सितंबर तक छह मामले दर्ज कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से 15 ग्राम हेरोइन, 291 नशीली गोलियां और 4900 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए गए।

एसएसपी मोगा सर्ताज सिंह चाहल ने बताया कि सब-डिवीजन बधनी कलां के अंतर्गत पुलिस टीमों ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और ‘पिंडां दे पहरेदार’ अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की। 17 से 23 सितंबर तक चलाए गए CASO ऑपरेशन के दौरान थाना बधनी कलां पुलिस ने ‘ड्रग हॉटस्पॉट’ क्षेत्रों में विशेष सर्च अभियान चलाया। इस दौरान नशीली गोलियों की बरामदगी के मामले में एक आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से 91 नशीली गोलियां बरामद की गईं। मामले में एक बैकवर्ड आरोपी को भी नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार सप्ताह भर में दर्ज छह मामलों में कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। एसएसपी ने बताया कि अभियान के दौरान नशा छोड़ चुके व्यक्तियों को भी समाज की मुख्यधारा में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे दो व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया तथा उपचार के लिए नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल करवाया गया। पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और प्रमुख लोगों के साथ बैठकें कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
इस दौरान 20 गांवों व शहरों में आम लोगों के साथ बैठकें कर युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नशा तस्करों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि नशे का कारोबार करने वाले लोगों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को और प्रभावी बनाया जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार और इससे जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।