मोगा: मोगा जिले के कस्बा धर्मकोट के अंतर्गत आते गांव रेड़वां से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे करते समय एक तीन वर्षीय मासूम बच्चा उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव रेड़वां में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में मातम छा गया। मृतक बच्चे की पहचान 3 वर्षीय गगनदीप सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गगनदीप सिंह अपने ननिहाल गांव रेड़वां में रहता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। मासूम की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
इस संबंधी पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर की गई प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया कि बच्चे का मामा गुरचरण सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह वासी रेडवा ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे कर रहा था। इसी दौरान बच्चा अचानक ट्रॉली के पीछे आ गया और उसके नीचे आने से गंभीर हादसा हो गया, जिसके कारण बच्चे की मौत हो गई। पुलिस द्वारा बच्चे के शव को सिविल अस्पताल भेजकर अगली कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता से कार्रवाई की जा रही है। वहीं मृतक बच्चे के पिता सतनाम सिंह वासी पीर महम्मद ने अपने बेटे की मौत को लेकर हत्या का शक जताया है। पिता का आरोप है कि घटना से पहले उसे फोन पर धमकी दी गई थी और उसके बच्चे को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई थी। इसी के चलते उसने बच्चे की मौत को लेकर संदेह जाहिर किया है।
इस संबंधी पुलिस अधिकारी ने कहा कि फिलहाल जांच के दौरान हत्या से संबंधित कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। पिता द्वारा बताई गई फोन कॉल और धमकी के दावे की भी पुलिस द्वारा पूरी तरह से पुष्टि की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
📍 Location: धर्मकोट (moga)

