टांडा उड़मुड़: रोजी-रोटी कमाने करीब एक साल पहले तुर्की गए गांव रल्लण निवासी 43 वर्षीय हरजिंदर सिंह की क्रेन हादसे में मौत हो गई। हादसा 28 अगस्त को तुर्की के बुरसा शहर में हुआ था।
गंभीर रूप से घायल हरजिंदर सिंह ने उपचार के दौरान 29 अगस्त को दम तोड़ दिया। परिवार को इसकी सूचना बीती रात मिली। मृतक के भाई बलदेव सिंह ने बताया कि 28 अगस्त को हरजिंदर सिंह अपने साथी कर्मचारियों के साथ क्रेन की मरम्मत कर रहा था।
इसी दौरान अचानक क्रेन का एक बड़ा हिस्सा उसके ऊपर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अगले दिन उसकी मौत हो गई।
हरजिंदर सिंह पूर्व सरपंच स्वर्ण सिंह के बेटे थे। वह अपने पीछे पत्नी अमनदीप कौर, 12 वर्षीय बेटे इशमीत समेत परिवार को छोड़ गए हैं। मौत की खबर मिलते ही गांव और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन अब हरजिंदर सिंह के शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार, 4 सितंबर को पैतृक गांव रल्लण में अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है।

