भुच्चो मंडी : कुछ दिन पहले तेजधार हथियारों से बेरहमी से हत्या किए गए भुच्चो मंडी के वार्ड नंबर-5 निवासी मोहित कुमार वाल्मीकि पुत्र विजय कुमार को इंसाफ दिलाने और हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने के लिए पारिवारिक सदस्यों, मंडी वासियों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की ओर से कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च वार्ड नंबर-5 स्थित वाल्मीकि मंदिर से शुरू होकर फव्वारा चौक में संपन्न हुआ।
कैंडल मार्च के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने मोहित कुमार वाल्मीकि की निर्मम हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने भावुक होते हुए मांग की कि मोहित के हत्यारों को फांसी की सजा देकर परिवार को इंसाफ दिलाया जाए।
इस मौके पर हलका विधायक मास्टर जगसीर सिंह के बेटे हरसिमरन सिंह, शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज डॉ. दलजीत सिंह गुरु, सीनियर भाजपा नेता विनोद बिंटा, कांग्रेस के शहरी प्रधान मुकेश शर्मा, सीनियर आप नेता रवि सिंगला, नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान जोनी बंसल, सीनियर वाईस प्रधान अंजली गर्ग, श्री चिंतपूर्णी मंदिर के संस्थापक जोगिंदर काका, पार्षद प्रिंस गोलन, नरदीप गर्ग, साधु शर्मा, बंटी कुमार, अशोक कुमार काला भट्ठे वाला, आत्मा सिंह, परमजीत पम्मा, मनदीप भलेरिया, दलजीत सिंह, पवित्तर सिंह, ठेकेदार वरिंदर गनु, गांव तुंगवाली के सरपंच जोगिंदर सिंह बराड़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
सभी ने पीड़ित परिवार के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि मोहित को इंसाफ दिलाने के लिए आवाज बुलंद की जाएगी। वक्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और अदालत के माध्यम से उन्हें ऐसी सख्त सजा दिलाई जाए, जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह का जघन्य अपराध करने की हिम्मत न कर सके।

