Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

नगर कौंसिल चुनाव में लोकतंत्र का उत्सव, रमदास में सबसे ज्यादा 77.33 फीसदी मतदान दर्ज

May 27, 2026

नगर कौंसिल चुनाव में लोकतंत्र का उत्सव, रमदास में सबसे ज्यादा 77.33 फीसदी मतदान दर्ज

अमृतसर: नगर कौंसिल जंडियाला गुरु चुनावों में लोगों ने भारी उत्साह दिखाते लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिली और शाम 4 बजे तक 72 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इसी दौरान पंजाब के लोक निर्माण मंत्री एवं जंडियाला गुरु से विधायक हरभजन सिंह ईटीओ भी आम मतदाता की तरह परिवार सहित लाइन में लगकर वोट डालने पहुंचे।

उन्होंने वार्ड नंबर 1 के पोलिंग बूथ पर अपना मताधिकार का प्रयोग किया और लोगों से भी बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान करना बेहद जरूरी है। वोट केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। नगर कौंसिल चुनावों में लोगों का भारी उत्साह यह दर्शाता है कि जनता का लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पूरा विश्वास है। तेज गर्मी के बावजूद युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया।

रिटर्निंग अफसर-कम-उप मंडल मजिस्ट्रेट अमृतसर-1 अलका कालिया की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक 15 फीसदी मतदान हुआ था। दोपहर 12 बजे तक यह आंकड़ा 31.85 फीसदी पहुंच गया, जबकि दोपहर 2 बजे तक 46.48 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। शाम 4 बजे तक मतदान प्रतिशत 57.08 फीसदी रहा और बाद में जारी अंतिम रिपोर्ट में कुल मतदान 72 फीसदी बताया गया। वहीं रमदास में सबसे ज्यादा 77.33 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

कैबिनेट मंत्री ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव को लोकतंत्र की खूबसूरती बताते कहा कि प्रत्येक मतदाता को बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में लगे प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों द्वारा किए गए प्रबंधों की भी सराहना की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें