मोगा: जिला मोगा के थाना समालसर के अंतर्गत आते गांव समालसर में शराब के नशे में धुत पिता-पुत्र द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों ने रास्ते में व्यक्ति को रोककर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, गांव समालसर की गिल पत्ती निवासी हरदेव सिंह पुत्र गुरदियाल सिंह ने बताया कि वह अपनी बेटियों सिमरनजीत कौर और किरनदीप कौर को लेने के लिए घर से निकला था। उसकी दोनों बेटियां चिड़ा धागा फैक्टरी में काम करती हैं। जब वह उन्हें लेने जा रहा था तो रास्ते में गांव समालसर निवासी नत्था सिंह पुत्र माहला सिंह और उसका बेटा हैप्पी सिंह मिल गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों आरोपियों ने शराब पी रखी थी। उन्होंने रास्ते में उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस घटना में हरदेव सिंह को चोटें आईं। घटना के बाद मामले की जांच की गई और घायल का मेडिकल करवाया गया। मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पुलिस ने शिकायत तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
थाना समालसर पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले में नत्था सिंह और उसके बेटे हैप्पी सिंह को नामजद किया गया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 117(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है तथा घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
📍 Location: समालसर

