Site icon Dainik Savera Times

खेत में गेहूं की बिजाई कर रहे किसान को पिस्तौल दिखाकर धमकाया, जमीन पर कब्जा करने का प्रयास

मोगा: थाना कोट ईसे खां के अंतर्गत पड़ते गांव तलवंडी नौ बहार में जमीन विवाद को लेकर एक किसान को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकियां देने और उसकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव तलवंडी नौ बहार निवासी पवन कुमार पुत्र रेशम लाल ने बताया कि वह अपनी जमीन में गेहूं की बिजाई कर रहा था। उस समय उसके साथ कुछ अन्य व्यक्ति भी खेत में मौजूद थे। सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच गांव का ही विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय जसपाल सिंह अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंच गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, विनोद कुमार ने खेत में पहुंचते ही उससे सवाल किया कि वह उसकी जमीन में बिजाई क्यों कर रहा है। इस पर पवन कुमार ने जवाब दिया कि उन्होंने दोनों भाइयों ने विनोद कुमार की माता से उक्त जमीन की रजिस्ट्री करवाई हुई है और पिछले करीब डेढ़ साल से वे इस जमीन पर खेती कर रहे हैं। इसलिए जमीन उनकी है।

आरोप है कि इस बात को लेकर विनोद कुमार भड़क गया और उसने अपनी डब से पिस्तौल निकाल ली। इसके बाद वह शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकियां देने लगा और उसके साथ गाली-गलौज भी की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास भी किया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि शोर-शराबा सुनकर आसपास के काफी लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इस दौरान वह डर के कारण अपनी जमीन से निकलकर घर चला गया। इसके बाद उसने पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दी।

थाना कोट ईसे खां की पुलिस ने पवन कुमार के बयानों के आधार पर विनोद कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विनोद कुमार की गिरफ्तारी अभी बाकी है। मामले की आगे की जांच सहायक थानेदार जसवंत सिंह द्वारा की जा रही है।

📍 Location: कोट ईसे खां

Exit mobile version