Site icon Dainik Savera Times

संत निरंकारी भवन में 13 सितंबर को लगेगा निशुल्क मेडिकल कैंप

मोगा: संत निरंकारी मंडल मोगा ब्रांच की ओर से आम लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 13 सितंबर, रविवार को निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह मेडिकल कैंप सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक संत निरंकारी भवन, बुग्गीपुरा चौक, बरनाला रोड, मोगा में लगाया जाएगा। कैंप में जरूरतमंद मरीजों की विभिन्न बीमारियों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार निशुल्क किया जाएगा। इसके साथ ही मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी।

कैंप के संयोजक राकेश कुमार लक्की ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेडिकल कैंप का आयोजन सत्य साईं अस्पताल, गांव दुनेके, जिला मोगा के सहयोग से किया जा रहा है। कैंप में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच करेंगे और उन्हें बीमारी के अनुसार उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान गठिया, जोड़ों का दर्द, घुटनों का दर्द, गुर्दे की पथरी, त्वचा संबंधी रोग, महिलाओं से संबंधित बीमारियां, हड्डियों के रोग, अस्थमा, मोटापा, बवासीर और भगंदर सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच व उपचार किया जाएगा। इसके अलावा मरीजों के ब्लड और शुगर टेस्ट तथा बीएमडी (हड्डियों की मजबूती की जांच) भी निशुल्क किए जाएंगे।

कैंप में विशेष रूप से एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ एवं थैरेपिस्ट सुखपाल सिंह (सुख्खा) तथा कायरोप्रैक्टर (एमडी) भी अपनी सेवाएं देंगे। उनके द्वारा मरीजों को निशुल्क उपचार एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया जाएगा।मेडिकल कैंप में डॉ. समरेश मैडल, एमडी (मेडिसिन), डॉ. अपैक्सा, एमडी (मेडिसिन), डॉ. केशव, एमडी (मेडिसिन) तथा डॉ. संदीप कुमार, एमडी (पंचकर्म) सहित अन्य चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर संत निरंकारी भवन पहुंचकर इस निशुल्क मेडिकल कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि कैंप का उद्देश्य लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाना है, ताकि जरूरतमंद लोग बिना किसी आर्थिक बोझ के चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ ले सकें। मेडिकल कैंप से संबंधित जानकारी के लिए राकेश कुमार लक्की, साहिल अरोड़ा और हरिंदर लवली से संपर्क किया जा सकता है।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version