Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना में नकली CIA स्टाफ बनकर लोगों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

A gang posing as CIA staff busted in Ludhiana to rob people

A gang posing as CIA staff busted in Ludhiana to rob people

पंजाब डेस्क: लुधियाना पुलिस ने नकली पुलिसकर्मी बनकर लोगों से पैसे वसूलने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से एक गाड़ी और पुलिस जैसी वर्दी भी बरामद की गई है।

लुधियाना में नकली CIA स्टाफ बनकर लोगों को धमकाने और उनसे पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि आरोपी खुद को CIA स्टाफ का सदस्य बताकर लोगों को डराते-धमकाते थे और उनसे पैसे वसूलते थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक होमगार्ड कर्मचारी भी शामिल है। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से छुट्टी पर था। इसी दौरान उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर नकली पुलिसकर्मी बनकर लोगों को ठगने का काम शुरू कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस, गुरविंदर सिंह, सुरिंदर पाल सिंह और अजीत कुमार के रूप में की है। इनके कब्जे से एक गाड़ी भी बरामद की गई है।

इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से खाकी रंग की पगड़ी, खाकी पैंट और लाल रंग की पगड़ी सहित पुलिस जैसी वर्दी का सामान बरामद किया है। आरोपी इसी तरह का पहनावा इस्तेमाल कर लोगों पर पुलिस का रौब जमाते थे और उन्हें डराकर पैसे ऐंठते थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस गिरोह में कुल पांच लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

इनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

Exit mobile version