जालंधर: श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आज शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन का आयोजन श्री गुरुद्वारा दीवान अस्थान सेंट्रल टाउन की ओर से किया गया। नगर कीर्तन की शुरुआत मोहल्ला गोबिंदगढ़ से हुई। गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
नगर कीर्तन शहर के विभिन्न इलाकों से होता हुआ वापस गुरुद्वारा दीवान अस्थान पहुंचेगा। इस दौरान मदन फ्लोर मिल चौक पर विशेष दृश्य देखने को मिला, जहां सिख नौजवानों ने तलवारों से हैरतअंगेज करतब दिखाकर संगत को आकर्षित किया। वहीं पंजाब पुलिस की टीमों ने परेड के दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को सलामी देकर सम्मान प्रकट किया। नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
नगर कीर्तन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए। जिला मजिस्ट्रेट वरजीत वालिया ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत नगर कीर्तन के मार्ग और धार्मिक समागम स्थल के आसपास 21 नवंबर को मांस और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए। इसके अलावा नगर निगम सीमा के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों व कॉलेजों में दोपहर 12 बजे के बाद आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई। वहीं संगत की भारी आमद को देखते हुए पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर कमिश्नरेट पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया, ताकि आम जनता को परेशानी न हो और नगर कीर्तन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
📍 Location: जालंधर सेंटर टाउन (जालंधर)

