Site icon Dainik Savera Times

Canada में हुआ भीषण सड़क हादसा, 3 पंजाबी छात्रों की हुई मौत

जालंधर : कनाडा के मिल कोव शहर में हुए सड़क हादसे में तीन पंजाबी छात्रों की मौत हो गई है। हादसा चलती कार का टायर फटने से हुआ। हादसे में मारे गए छात्रों की पहचान समाना निवासी रसमदीप कौर, अमलोह के नजदीक बुरकदा गांव निवासी नवजोत सोमल और हरमन के रूप में हुई है। ये दोनों सगे भाई-बहन हैं। मृतकों के परिजनों का कहना है कि पंजाब सरकार को मृतकों के शव पंजाब लाने की पहल करनी चाहिए। ये छात्र कुछ समय से वहां पढ़ाई के लिए गए हुए थे।

सूत्रों के अनुसार ये तीनों न्यू ब्रंसविक प्रांत के मॉन्कटन शहर से वहां जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार का टायर फट गया। जिसके बाद कार पलट गई। हालांकि, तीनों कार से बाहर निकलकर गिर गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस तीनों को अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना परिजनों को मिली। गांव में परिवार काफी आहत है।

कनाडा में भी पंजाब के विद्यार्थियों की सड़क हादसों में मौत के मामले बढ़े हैं। 1 जुलाई को तलवंडी भाई के दो विद्यार्थी सचिन सचदेवा और चरणप्रीत सिंह की कनाडा में सड़क हादसे में मौत हो गई। 23 जुलाई को लुधियाना जिले के मल्ला गांव की युवती खुशप्रीत कौर की कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। खुशप्रीत कौर (23) पिछले साल 16 अगस्त 2023 को स्टूडेंट वीजा पर कनाडा के शहर ब्रैम्पटन में अपनी बड़ी बहन नवप्रीत कौर के पास गई थी।

हाल ही में खुशप्रीत कौर पांच अन्य विद्यार्थियों के साथ कंपनी की कार में काम पर जा रही थी, तभी रास्ते में कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 22 जुलाई को गुरदासपुर के बटाला की रहने वाली 21 वर्षीय लखविंदर कौर की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा बैम्पटन के पास हुआ। वह दस महीने पहले ही स्टडी वीजा पर वहां गई थी। उसके साथ दो अन्य लड़कियों की भी मौत हो गई। मार्च महीने में पंजाब के तीन युवक गुरिंदरपाल लिधर (31), मोनो टाउन, ओंटारियो, सनी खुराना (24), ब्रेंटफोर्ड, और किरणप्रीत सिंह गिल (22) बैरी टाउन की कनाडा के ओंटारियो में सरनिया के पास एक कार दुर्घटना में मौत हो गई थी।

Exit mobile version