Site icon Dainik Savera Times

बुड्ढा दरिया पुनर्जीवन की दिशा में बड़ा कदम, हैबोवाल डेयरी कांप्लैक्स में घर-घर गोबर उठाने की शुरुआत

लुधियाना: बुड्ढा दरिया के पुनर्जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर निगम लुधियाना ने हैबोवाल डेयरी कांप्लैक्स में डेयरी इकाइयों से घर-घर गोबर उठाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। इसके लिए नगर निगम द्वारा नियुक्त ठेकेदार के कर्मचारी डेयरी इकाइयों से गोबर एकत्रित कर उसे निगम द्वारा निर्धारित स्थान पर डंप कर रहे हैं। एकत्रित गोबर के निस्तारण की पूरी जिम्मेदारी भी संबंधित ठेकेदार की होगी। यह कार्य मेयर इंदरजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

नगर निगम ने घर-घर गोबर उठाने के लिए तीन वर्र्षो का ठेका आवंटित किया है, जिसका मुख्य उद्देश्य सीवर लाइनों और बुड्ढा दरिया में गोबर डाले जाने की समस्या को पूरी तरह रोकना है। अधिकारियों ने बताया कि खुले में डाले गए गोबर को भी आने वाले कुछ दिनों में विशेष टीमों द्वारा साफ कर दिया जाएगा। इसके साथ ही, यदि कोई व्यक्ति सीवर लाइन या बुड्ढ़ा दरिया में गोबर डालते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम अधिकारियों ने डेयरी संचालकों से अपील की है कि वे अपनी जिम्मेदारी समङों और गोबर को सीवर लाइनों या बुड्ढा दरिया में डालना पूरी तरह बंद करें।

Exit mobile version