Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

दोस्त की बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर 2 दर्जन युवकों ने किया जानलेवा हमला

February 3, 2026

दोस्त की बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर 2 दर्जन युवकों ने किया जानलेवा हमला

लुधियाना: राजौरी गार्डन, जस्सियां रोड इलाके में देर रात बाइक सवार युवक पर 2 दर्जन युवकों द्वारा तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान शुभम के रूप में हुई है, जो डिलीवरी मैन का काम करता है। घायल शुभम की हालत अस्पताल में नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार शुभम शनिवार रात अपने घर से कुछ दूरी पर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दात और किरपानों से लैस करीब 2 दर्जन युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया।

आरोप है कि हमलावरों ने शुभम पर अचानक ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमला इतना भयानक था कि शुभम मौके पर ही बेसुध होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसे मृत समझकर हमलावर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश के चलते किया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शुभम ने अपने दोस्त की बहन से की जा रही छेड़छाड़ का विरोध किया था, इसी बात को लेकर आरोपी युवक उससे रंजिश रखने लगे और मौका पाकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल शुभम को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद नाजुक बताई है। शुभम के शरीर पर तेजधार हथियारों से किए गए कई गंभीर घाव पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी कर रही हैं। वहीं इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें