Last Updated: November 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

चंडीगढ़: पोल्ट्री फार्म चौक के पास बस के पिछले टायर के नीचे आने से 72 वर्षीय महिला की हुई मौत

October 26, 2025

चंडीगढ़: पोल्ट्री फार्म चौक के पास बस के पिछले टायर के नीचे आने से 72 वर्षीय महिला की हुई मौत

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के पोल्ट्री फार्म चौक के पास शनिवार दोपहर करीब 1 बजे हिमाचल पथ परिवहन निगम (नालागढ़ डिपो) की बस के पिछले टायर के नीचे आने से 72 वर्षीय एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान जीरकपुर के जरनैल एन्क्लेव फेज-1 निवासी संतोष कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सैक्टर-32 के जीएमसीएच की मार्चरी में रखवा दिया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं सैक्टर-31 थाना पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान लेख राज के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार संतोष कुमारी अपने पति जवाहर लाल के साथ बाइक से जीरकपुर के जरनैल एन्क्लेव फेज-1 स्थित अपने घर जा रही थीं। जवाहर लाल बाइक चला रहे थे, जबकि संतोष कुमारी बाइक के पीछे बैठी थीं। हिमाचल की यह बस नंबर-एचपी-12पी-8859 नालागढ़ से दिल्ली जा रही थी। जैसे ही बस ट्रिब्यून चौक पार करके पोल्ट्री फार्म चौक के पास पहुंची, तो लाल बत्ती से 20 मीटर पहले अचानक बाइक साइड से बस से टकरा गई और जवाहर लाल बायनी ओर गिर गए जबकि बाइक के पीछे बैठी उनकी पत्नी संतोष कुमारी दायनी ओर गिरी, जिससे वह बस के पिछले टायर के नीचे आ गई और इस दर्दनाक हादसे में संतोष कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में उनके पति जवाहर लाल को मामूली चोटें लगी। हादसे की सूचना मिलते ही पीसीआर समेत सैक्टर-31 थाने के एडिशनल एसएचओ राज कुमार, कांस्टेबल धर्मेद्र अन्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल जवाहर लाल को तुरंत सैक्टर-32 के जीएमसीएच में भर्ती करवाया और उनकी पत्नी संतोष कुमारी के शव को इसी अस्पताल की र्माचरी में रखवा दिया। मौके पर सीएफएसएल की टीम ने मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने कई सबूत मौके से एकत्रित किए।

ये भी पढ़ें : स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट पर जोर, Uttar Pradesh में बढ़ रहा इनोवेशन

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें