जालंधर : रेलवे स्टेशन जालंधर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जीआरपी , एएसटी टीम और आरपीएफ के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से पैसेंजर अवेयरनैस एंड सर्च ऑपरेशन (PASO) चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने संदिग्ध यात्रियों और उनके सामान की गहनता से जांच की। रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल कार्यालय, वेटिंग हॉल, पार्किंग क्षेत्र सहित अन्य संवेदनशील स्थानों की भी बारीकी से तलाशी ली गई।
लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई। ऑपरेशन के दौरान यात्रियों, वेंडरों और ऑटो चालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया। एसएचओ जीआरपी इंस्पैक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार चैकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।

