Site icon Dainik Savera Times

नशों के खिलाफ जंग के 551वें दिन समीक्षा बैठक का आयोजन

मोगा: हलका मोगा में नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के 551वें दिन अभियान से जुड़ी समूची टीम के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान नशों के खात्मे के लिए किए जा रहे प्रयासों, अब तक की गतिविधियों तथा आगे की रणनीति को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर हलका मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा विशेष रूप से उपस्थित हुईं। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं टीम सदस्यों ने उनका फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया।

इस मौके पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ-साथ उन्हें सकारात्मक, रचनात्मक और खेल गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास लगातार किए जाने चाहिए। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी सदस्यों की मेहनत और योगदान की सराहना करते हुए नशों के खिलाफ जागरूकता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने की बात कही।

उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने टीम के सदस्यों से आपसी तालमेल के साथ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर हलका कोऑर्डिनेटर मिलाप सिंह, जिला वाइस प्रधान हरजिंदर सिंह सहित नशों के खिलाफ अभियान से जुड़ी पूरी टीम मौजूद रही। बैठक में नशा मुक्त पंजाब के निर्माण के लिए मिलकर प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version