Site icon Dainik Savera Times

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल

मोगा: जिले के थाना समालसर के अंतर्गत आते गांव वांदर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक मोटरसाइकिल से नीचे गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में नामदेव सिंह पुत्र सीता सिंह निवासी गांव वांदर, जिला मोगा ने बताया कि वह गेहूं की बिजाई करवाने के लिए आरोपी के साथ उसके खेत में गया हुआ था। दिनभर खेत में काम करने के बाद शाम करीब आठ बजे आरोपी ने उसे गांव से सिगरेट लेकर आने के लिए भेज दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह सिगरेट लेकर अपनी मोटरसाइकिल पर वापस आरोपी के खेत की तरफ जा रहा था तो रास्ते में आरोपी अपना स्वराज 855 ट्रैक्टर लेकर आया हुआ था।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने अपने ट्रैक्टर के पीछे सुपर सीडर लगाया हुआ था। ट्रैक्टर पर तेज आवाज में गाने भी चल रहे थे। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में चोट लग गई।

घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घायल युवक को चोट लगने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

मामले की जांच के बाद थाना समालसर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 125(बी) और 281 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।

📍 Location: समालसर

Exit mobile version