
नई दिल्ली: पंजाब के खेल सामग्री उद्योग के लिए बड़ी राहत और प्रोत्साहन की खबर सामने आई है। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रलय ने जालंधर में टेक्नोलॉजी एक्सटेंशन सेंटर की स्थापना को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय पंजाब सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा और केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। 21 जुलाई को नई दिल्ली में हुई बैठक में मंत्री अरोड़ा ने जालंधर केंद्रित खेल सामग्री उद्योग की चुनौतियों प्रौद्योगिकी उन्नयन, उत्पाद विकास, परीक्षण सुविधाओं और वैश्विक गुणवत्ता मानकों की ओर ध्यान दिलाया था।
उन्होंने पीपीडीसी , मेरठ के अंतर्गत जालंधर में टेक्नोलॉजी एक्सटेंशन सेंटर की शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया था, जो लंबे समय से लंबित था। एमएसएमई मंत्रलय ने 18 दिसंबर 2025 को जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से जालंधर स्थित सरकारी चमड़ा एवं फुटवियर प्रौद्योगिकी संस्थान में इस केंद्र की स्थापना हेतु सहमति प्रदान की है। यह केंद्र हब एंड स्पोक मॉडल पर कार्य करेगा, जिसमें पीपीडीसी , मेरठ मार्गदर्शन देगा।
इसके लिए 5 जनवरी 2026 को जालंधर में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर प्रस्तावित हैं। करीब 11,166 वर्ग फुट क्षेत्र में स्थापित यह केंद्र उत्पाद व प्रक्रिया विकास, तकनीकी हस्तांतरण, परीक्षण सुविधाएं, कौशल विकास और परामर्श सेवाएं प्रदान करेगा। मंत्री संजीव अरोड़ा ने इसे पंजाब के खेल उद्योग के लिए गेम-चेंजर बताते हुए कहा कि इससे गुणवत्ता, प्रतिस्पर्धा और निर्यात को नई गति मिलेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...