खन्ना: खन्ना अनाज मंडी में वीरवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घर के बाहर लेटे एक साल के मासूम बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। कुत्ते के हमले में बच्चे के सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर 10 से ज्यादा जख्म बताए जा रहे हैं। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए खन्ना सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटियाला रैफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बच्चा अपने परिवार के क्वार्टर के बाहर सुबह करीब 6 बजे लेटा हुआ था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और मासूम पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे को बुरी तरह नोच डाला। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद एक व्यक्ति मौके पर पहुंचा और किसी तरह कुत्ते को वहां से हटाकर बच्चे को बचाया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो चुका था। घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को उपचार के लिए खन्ना के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों ने बच्चे की हालत और शरीर पर हुए गंभीर जख्मों को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए पटियाला रेफर कर दिया। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। बच्चे के पिता कल्लू और रिश्तेदारों ने बताया कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि घर के बाहर लेटे मासूम पर अचानक आवारा कुत्ता हमला कर देगा। उन्होंने कहा कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है।
इस घटना ने आसपास रहने वाले लोगों में भी डर पैदा कर दिया है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि अनाज मंडी और आसपास के इलाकों में घूम रहे आवारा तथा आक्रामक कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई और बच्चा या राहगीर ऐसे हमले का शिकार हो सकता है।

