मोगा/बाघापुराना : प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर काउंसिल द्वारा बनवाए जा रहे मकानों की किस्त जारी न होने से नाराज एक युवक नगर काउंसिल की पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक ने कहा कि जब तक उसकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, वह टंकी से नीचे नहीं उतरेगा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी (एसएचओ) जैनक राज, नगर काउंसिल के प्रधान पवन गुप्ता तथा संबंधित अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने युवक से बातचीत कर उसे भरोसा दिलाया कि उसकी मांगों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और लंबित राशि जारी करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके बाद युवक टंकी से नीचे उतर गया।
युवक ने बताया कि अधिकारियों के कहने पर उसने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना पुराना मकान गिरा दिया था, लेकिन पिछले दो महीनों से निर्माण के लिए मिलने वाली राशि नहीं आई। कई बार संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई। मजबूरी में उसे विरोध स्वरूप पानी की टंकी पर चढ़ने का कदम उठाना पड़ा। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले का शीघ्र समाधान कराया जाएगा और पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

