Site icon Dainik Savera Times

आम आदमी पार्टी एक ओर शराब घोटाला कर रही, दूसरी ओर स्वास्थ्य क्लीनिक चला रही : Tarun Chugh

चंडीगढ़: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने आज आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह पर अपनी पार्टी के लिए राजनीतिक सहानुभूति हासिल करने के लिए अफवाह फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संजय सिंह दिल्ली शराब घोटाले में जमानत पर जेल से बाहर आए हैं, उन्हें बरी नहीं किया गया है। तरुण चुघ ने कहा कि शराब नीति घोटाले में आप सरकार का भ्रष्टाचार देश में उजागर हो चुका है, जिसकी जड़ें दिल्ली, पंजाब, तेलांगाना सहित कई अन्य राज्यों में हैं।

चुघ ने कहा कि भ्रष्टाचार ही नहीं, अन्य मोर्चों पर आप सरकार की निराशाजनक विफलता का जनता को भली भांति पता चल चुका है। पंजाब और दिल्ली में स्वास्थ्य क्लीनिक और स्कूलों पर आप का सारा प्रचार तंत्र मतदाताओं को मूर्ख बनाने के लिए एक दिखावा मात्र है। स्वास्थ्य क्लीनिकों की बात करने वाली आप सरकार ने सार्वजनिक स्वास्थ्य की कीमत पर शराब कारोबारियों को लाभ पहुंचाने के लिए शराब नीति तैयार की। पंजाब में इसका परिणाम संगरूर में हुई जहरीली शराब त्रासदी में स्पष्ट रूप से दिखा, जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले में करीब दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत हुई है।

तरुण चुघ ने कहा कि संजय सिंह को स्वतंत्रता आंदोलन या किसी जनशिकायत के लिए जेल नहीं भेजा गया है। आप घोटाले, विश्वासघात और रिश्वतखोरी के कारण जेल में हैं। दुर्भाग्य से, अरविंद केजरीवाल की तस्वीर डॉ. बीआर अंबेडकर और शहीद भगत सिंह के समानांतर रखकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की जा रही है। इस कृत्य से इन दोनों शख्सियतों का घोर अपमान हो रहा है। एक तरफ शराब घोटाले में लिप्त व्यक्ति है, तो दूसरी तरफ वे लोग हैं जिन्होंने देश की आजादी के आंदोलन में कभी एक कदम भी पीछे नहीं हटाया। एक तरफ वह व्यक्ति है, जिसने संविधान बनाया और दूसरी तरफ वह व्यक्ति है जो संविधान का पालन नहीं करता।

Exit mobile version