पटियाला: भाजपा की सरकार की ओर से गैंगस्टरों का साथ देने के खिलाफ आम आदमी पार्टी के वालंटियरों ने आवाज़ उठाते हुए शहर के अनारदाना चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि भाजपा नेता सिरसा ने व्यापारी की हत्या करने वाले गैंगस्टरों के एनकाउंटर का विरोध किया है। आम आदमी पार्टी के पटियाला शहरी विधायक अजीत पाल सिंह कोहली का आरोप है कि भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को संरक्षण दिए जा रहा है, जिसके खिलाफ आज आम आदमी पार्टी के वर्करों ने विरोध प्रदर्शन किया है।
कोहली ने कहा कि पंजाब के अबोहर शहर में व्यापारी की गैंगस्टरों ने हत्या की है और पंजाब सरकार की देखरेख में पंजाब पुलिस ने उक्त व्यापारी के परिवार को इंसाफ दिलवाने के लिए गैंगस्टरों का एनकाउंटर किया है।
इसके विरोध में सिरसा ने यह बयान दिया है कि एनकाउंटर गलत किया गया है और गरीब बच्चों को मारा गया है जबकि जिन गैंगस्टर के साथ वह जुड़े हुए थे उक्त गैंगस्टर ने भी पंजाब में एक व्यापारी की हत्या करके उसका परिवार उजाड़ा है। इसलिए हम मांग करते हैं कि गुजरात की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई वहां बैठकर यह कार्य कर रहा है, जिसे पंजाब की जेल में शिफ्ट किया जाना चाहिए, नहीं तो वह गुजरात में बैठकर अपने साथियों के जरिए पंजाब में किसी अन्य घटना को भी अंजाम दे सकता है। आज का यह धरना प्रदर्शन भाजपा की केंद्र सरकार के खिलाफ था। प्रदर्शन में जिला प्रधान तेजिंदर मेहता के साथ पार्षद गुरजीत कोहली व अन्य कई कार्यकत्र्ता मौजूद रहे।

