Site icon Dainik Savera Times

‘आपकी सरकार, आपके द्वार’ के संकल्प को साकार करने में जुटी आप सरकार : मोहिंदर भगत

जालंधर : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘आपकी सरकार, आपके द्वार’ के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने संगल सोहल इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन का विशेष दौरा किया। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों और उद्योगपतियों ने कैबिनेट मंत्री का जोरदार स्वागत किया।

दौरे के दौरान मोहिंदर भगत ने उद्योगपतियों से सीधे संवाद करते हुए औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों को विस्तार से सुना। उद्योगपतियों ने क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ सड़कों और स्ट्रीट लाइटों से संबंधित समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।

उद्योगपतियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तलब किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में नई सड़क के निर्माण, मौजूदा सड़कों की स्थिति में सुधार तथा स्ट्रीट लाइटों को अपडेट करने के लिए जरूरी कदम उठाने की हिदायत दी।

मोहिंदर भगत ने कहा कि उद्योगपतियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी जायज समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मजबूत आधारभूत ढांचा औद्योगिक विकास के लिए बेहद जरूरी है और इससे कारोबार के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

Exit mobile version