मोगा: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। जानकारी के अनुसार, ‘आप’ 26 नवंबर को मोगा में एक बड़ी महारैली के जरिए चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज करने जा रही है। आम आदमी पार्टी के 14वें स्थापना दिवस और संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक साथ मंच साझा करेंगे।
बता दें कि यहां से पार्टी पंजाब के लिए अपना आगामी रोडमैप पेश करने के साथ कई बड़े चुनावी एलान भी कर सकती है। पार्टी का मकसद सरकार के कामकाज को जनता के सामने रखने और अगले पांच साल के लिए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करने का है।
26 नवंबर की रैली से तय होगी AAP की चुनावी दिशा
मोगा में होने वाली महारैली को केवल स्थापना दिवस समारोह तक सीमित नहीं माना जा रहा है। यह कार्यक्रम पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी के बड़े राजनीतिक अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
AAP अब तक चुनाव के लिए 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि 26 नवंबर की रैली से पहले पार्टी उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर सकती है। इस कार्यक्रम में पंजाब के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
महिलाओं और Gen-Z वोटरों पर AAP की खास नजर
आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा महिलाएं और युवा मतदाता रहने वाले हैं। खासकर Gen-Z को ध्यान में रखते हुए रोजगार, शिक्षा और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जा सकती है।
मोगा रैली में मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना को लेकर किसी बड़े एलान की संभावना भी जताई जा रही है। इसके अलावा महिलाओं के कल्याण और आर्थिक सहायता से जुड़े मुद्दे पार्टी के चुनावी एजेंडे में अहम स्थान हासिल कर सकते हैं।
मुफ्त बिजली से स्वास्थ्य और शिक्षा तक
पंजाब सरकार अपने करीब 56 महीने के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रख सकती है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कामों को चुनावी प्रचार का हिस्सा बनाया जाएगा।
बिजली: घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा।
कृषि: नहरी सिंचाई का विस्तार और किसानों तक नहरी पानी पहुंचाने के प्रयास।
स्वास्थ्य: आम आदमी क्लीनिकों का विस्तार, सरकारी अस्पतालों का अपग्रेडेशन और मुफ्त दवाइयों व जांच की सुविधाएं।
महिला कल्याण: मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना पर विशेष जोर।
शिक्षा: सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार।
रोजगार: युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और भर्ती से जुड़े प्रयास।
ये भी पढ़ें…
इसके साथ मुख्यमंत्री सेहत योजना को भी सरकार अपनी प्रमुख योजनाओं के रूप में जनता के सामने रख सकती है। पार्टी इन मुद्दों के माध्यम से यह बताने की कोशिश करेगी कि पिछले कार्यकाल में क्या काम हुए और दोबारा सत्ता मिलने पर अगले पांच वर्षों का विजन क्या होगा।

