Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर में आज AAP ने विधायकों-मंत्रियों की बुलाई मीटिंग, CM मान-केजरीवाल करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

AAP Meeting in Amritsar

AAP Meeting in Amritsar

पंजाब डेस्क: आम आदमी पार्टी (AAP) आज अमृतसर में अपने विधायकों और मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक करने जा रही है। यह बैठक श्री अकाल तख्त साहिब में प्रस्तावित पेशी से पहले बुलाई गई है, जिसे पार्टी के लिए राजनीतिक और धार्मिक दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है। बैठक में पंजाब सरकार के सभी मंत्री और पार्टी विधायक शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार से ही अमृतसर में मौजूद हैं। दोनों नेता सुबह 11:30 बजे सर्किट हाउस में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान पार्टी श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जारी बुलावे और आगे की रणनीति पर अपना पक्ष स्पष्ट कर सकती है।

सिख विधायकों और मंत्रियों को भेजा गया बुलावा

सूत्रों के अनुसार, श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय ने आम आदमी पार्टी के सिख विधायकों और मंत्रियों को 29 जून को पेश होने के लिए पत्र भेजा है। हालांकि मुख्यमंत्री भगवंत मान को अभी तक कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि उन्हें औपचारिक रूप से बुलाया जाता है तो वे पेश होने के लिए तैयार हैं।

पार्टी के अधिकांश सिख विधायक भी इस मामले में किसी प्रकार के विवाद से बचते हुए श्री अकाल तख्त साहिब के निर्देशों का सम्मान करने के पक्ष में बताए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें…

ओवरब्रिज का उद्घाटन भी करेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भगवंत मान आज दोपहर 2:30 बजे अमृतसर के सुल्तानविंड रोड पर बने नए ओवरब्रिज का उद्घाटन भी करेंगे। उद्घाटन के बाद उनके मीडिया से बातचीत करने की भी संभावना है।

आज की बैठक, प्रेस कॉन्फ्रेंस और श्री अकाल तख्त से जुड़े घटनाक्रम पर पूरे पंजाब की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इससे पार्टी के अगले कदम की दिशा स्पष्ट हो सकती है।

ये भी पढ़ें…

Exit mobile version