Last Updated: November 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

मटवानी रैली से ‘आप’ 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बजाने की तैयारी में: बलतेज पन्नू

November 26, 2026

मटवानी रैली से ‘आप’ 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बजाने की तैयारी में: बलतेज पन्नू

मोगा: आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से 26 नवंबर यानि आज पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर गांव मटवानी में आयोजित की जा रही राज्य स्तरीय विशाल रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पार्टी के पंजाब महासचिव एवं मीडिया प्रभारी बलतेज सिंह पन्नू रैली स्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए कहा कि रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने दावा किया कि यह रैली पंजाब की सबसे बड़ी रैलियों में से एक होगी।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए पन्नू ने बताया कि रैली में पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, कैबिनेट मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपने अभियान का आगाज भी करेगी।

पन्नू ने कहा कि पंजाब के लोगों ने पिछले विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश दिया था। मान सरकार ने सत्ता संभालने के पहले महीने से ही लोगों की भलाई के लिए काम शुरू कर दिए थे। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा करने के साथ-साथ कई ऐसे काम भी किए हैं, जिनका चुनावों के दौरान वादा नहीं किया गया था। पंजाब में हर घर को दो महीने में 600 यूनिट मुफ्त बिजली देने की सुविधा से करीब 90 प्रतिशत घरों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं। सरकार ने बिना रिश्वत और सिफारिश के 78 हजार से अधिक नौकरियां दी हैं। इसके अलावा नहरी पानी की पहुंच बढ़ाने के लिए भी बड़े स्तर पर प्रयास किए गए हैं, जिससे खेती और भूजल संरक्षण को लाभ मिला है।

पन्नू ने कहा कि सड़क सुरक्षा फोर्स की स्थापना से सड़क हादसों में होने वाली मौतों में कमी आई है। 18 टोल प्लाजा बंद करने से लोगों को रोजाना करोड़ों रुपये की बचत हो रही है। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं और वहां पढ़ने वाले विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं। इसी तरह सरकारी अस्पतालों और मोहल्ला क्लीनिकों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए गए हैं। आम आदमी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों में सरकार के कामों के आधार पर जनता से दोबारा समर्थन मांगेगी। पंजाब को रंगला पंजाब बनाने के लिए लोगों से मान सरकार को एक और पांच साल देने की अपील की जाएगी।

रैली के लिए किए गए पुख्ता प्रबंध

पन्नू ने बताया कि रैली में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग, खाने-पीने और शौचालयों के प्रबंध किए गए हैं। लुधियाना की तरफ से आने वाली बसों और मोगा की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पंजाब पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली जाएगी। उन्होंने पंजाब के लोगों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

अकाली-भाजपा गठबंधन पर भी साधा निशाना

शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए पन्नू ने कहा कि अकाली दल की ओर से भाजपा को समर्थन देने से पंजाब के लोगों के सामने कई सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि अकाली दल को एनडीए में शामिल होने के मामले में जनता को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हरियाणा, दिल्ली, पटना साहिब और हजूर साहिब की सिख संस्थाओं के मामलों में दखल दिया है। उन्होंने अकाली दल के नेताओं से सवाल किया कि यदि ये संस्थाएं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधीन हैं, तो इस मामले में उनकी पार्टी का क्या रुख है।

पन्नू ने कहा कि पंजाब के लोग राजनीतिक मामलों को अच्छी तरह समझते हैं और वे बीते समय के काले दौर को नहीं भूले हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता सरकार के कामों के आधार पर ही अपना फैसला करेगी। 26 नवंबर की रैली के माध्यम से पार्टी पंजाब के लोगों का धन्यवाद करते हुए उन्हें सरकार के कामों से अवगत करवाएगी और दोबारा समर्थन देने की अपील करेगी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें