पटियाला: पटियाला के विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछले 15 दिनों से पूरा पंजाब बाढ़ से त्रस्त है और आज पंजाब को प्रधानमंत्री से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन प्रधानमंत्री द्वारा की गई घोषणा, पैकेज से साफ है कि उन्होंने पंजाबियों का मजाक उड़ाया है। अजीतपाल कोहली ने कहा कि पूरी पंजाब सरकार, पूरा पंजाब, प्रधानमंत्री से अकेले बाढ़ पीड़ितों के लिए 20 हजार करोड़ का पैकेज मांग रहा था, लेकिन घोषणा केवल 1600 करोड़ की हुई, जबकि यह भी स्पष्ट है कि पंजाब को नुक्सान बहुत बड़ा हुआ है, जिसकी भरपाई 20 हजार करोड़ रुपए से भी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले ही किसानों को 20,000 रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने का ऐलान कर चुकी है, इसके साथ ही उसने खेत की रेत नीति को मंजूरी दे दी है और यह भी साफ कर दिया है कि 31 दिसंबर तक किसानों को बिना परमिट के अपनी जमीन से रेत निकालने की इजाजत होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने विस्थापित लोगों को वापस पटरी पर लाने की पूरी कोशिश की है और यह पहली बार है कि पंजाब में ‘जिसका खेत उसकी रेत’ की नीति लागू की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ बातें करती है, लेकिन पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार दिल से लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक बार फिर मामूली पैकेज की घोषणा करके पंजाब का मजाक उड़ाया है।

