Site icon Dainik Savera Times

2027 से पहले बाघापुराना में सियासी ताकत का इम्तिहान

AAP, SAD Lock Horns in Bagha Purana Civic Polls : मोगा। बाघापुराना नगर परिषद के 15 वार्डों में होने जा रहे चुनावों को लेकर इलाके का सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद लंबे समय से प्रतीक्षित इन चुनावों को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

इन चुनावों को केवल नगर परिषद के गठन तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इन्हें 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों की ताकत परखने वाले सेमीफाइनल के रूप में भी देखा जा रहा है। खास बात यह है कि बाघापुराना विधानसभा हलके में आम आदमी पार्टी के विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद और शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज एवं कोर कमेटी सदस्य तीरथ सिंह माहला के लिए भी ये चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गए हैं। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अपने-अपने दल की जीत का दावा किया है।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/921288.mp4

शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज तीरथ सिंह माहला ने दावा किया कि बाघापुराना नगर परिषद के सभी 15 वार्डों में अकाली दल के उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के पक्ष में लहर चल रही है और लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। माहला ने कहा कि लोगों को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर दिलाने के लिए शिरोमणि अकाली दल ने हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ी है। पार्टी के कार्यकर्ता प्रत्येक वार्ड में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं और लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत करवा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि नगर परिषद में अकाली दल को मौका मिलता है तो बाघापुराना में पीने के पानी, सीवरेज और रिंग रोड के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा अस्पताल की हालत सुधारने, डॉक्टरों की कमी दूर करने और इलाके में मेडिकल कॉलेज लाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी भी चुनावों को लेकर पूरी तरह आत्मविश्वास में नजर आ रही है। बाघापुराना के विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद ने दावा किया कि पंजाब के लोग मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार के कामकाज से संतुष्ट हैं और आम आदमी पार्टी नगर परिषद की सभी 15 सीटों पर जीत हासिल करेगी।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/920672.mp4

उन्होंने कहा कि पार्टी 600 यूनिट मुफ्त बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, आम आदमी क्लीनिकों और सरकारी नौकरियों जैसे कार्यों के आधार पर लोगों के बीच जाएगी। सुखानंद ने कहा कि सरकार की जनहितैषी योजनाओं और विकास कार्यों के चलते लोगों का समर्थन आम आदमी पार्टी के साथ है। भाजपा और अकाली दल के संभावित गठबंधन के सवाल पर विधायक ने कहा कि दोनों पार्टियों के एक साथ आने से आम आदमी पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जो नेता पहले एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं, वे अब राजनीतिक स्वार्थों के कारण एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव गठबंधन बनाने से नहीं, बल्कि लोगों का विश्वास जीतने और किए गए कार्यों के आधार पर जीते जाते हैं। उधर, चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से करवाने के लिए प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसडीएम निहाल सिंह वाला गगनदीप सिंह के अनुसार नगर परिषद के 15 वार्डों के लिए कुल 60 नामांकन दाखिल हुए थे, जिनमें से पांच उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। चुनाव के लिए कुल आठ पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। सभी पोलिंग स्टेशनों पर वीडियोग्राफी करवाई जाएगी, जबकि पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/921286.mp4

मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शाम चार बजे तक पोलिंग स्टेशन में प्रवेश करने वाले मतदाताओं को वोट डालने का अवसर दिया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया से संबंधित रिपोर्ट हाईकोर्ट में गठित समिति को पेश की जाएगी। वहीं, मतगणना और चुनाव परिणामों के संबंध में अंतिम फैसला हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश द्वारा तय किया जाएगा। अब सबकी निगाहें बाघापुराना के मतदाताओं पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि मतदाता विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं या राजनीतिक दलों के दावों पर मुहर लगाते हैं।

15 वार्डों के ये चुनाव जहां स्थानीय राजनीति की नई तस्वीर तैयार करेंगे, वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले विभिन्न राजनीतिक दलों की लोकप्रियता और जमीनी ताकत का भी अहम इम्तिहान साबित हो सकते हैं।

Exit mobile version