Dainik Savera Times

AAP सरपंच हत्याकांड में बड़ा अपडेट: गैंगस्टर डॉनी बॉल ने ली मर्डर की ज़िम्मेदारी

AAP sarpanch murder case

पंजाब डेस्क: अमृतसर में आम आदमी पार्टी के सरपंच जरमल सिंह की बीते दिन रविवार को एक शादी समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात मैरी गोल्ड रिज़ॉर्ट में हुई, जहां सरपंच मेहमानों के साथ बैठे थे। अचानक पहुंचे दो हथियारबंद युवकों ने फायरिंग की और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सिर में लगी गोली, अस्पताल में तोड़ा दम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने बेहद नज़दीक से फायरिंग की, जिसमें एक गोली सरपंच के सिर में लगी। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी का दावा

हत्या के कुछ घंटों बाद गैंगस्टर डॉनी बॉल और प्रभ दासूवाल के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई, जिसमें इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। हालांकि, पुलिस और मीडिया संस्थान इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पहले भी हो चुके थे हमले

मृतक सरपंच जरमल सिंह तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के निवासी थे और वर्तमान में सरपंच पद पर थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उन पर इससे पहले भी तीन बार जानलेवा हमले हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, रिसॉर्ट को घेर लिया गया और शादी में शामिल लोगों से पूछताछ शुरू की गई।

फिरौती और धमकियों का एंगल

परिजनों का कहना है कि सरपंच को लंबे समय से गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल रही थीं और उनसे फिरौती की मांग की जा रही थी। इस संबंध में उन्होंने वल्टोहा थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। परिवार का दावा है कि यह किसी व्यक्तिगत रंजिश का नहीं, बल्कि गैंगस्टर धमकियों से जुड़ा मामला हो सकता है।

CCTV खंगाल रही पुलिस

पुलिस को आशंका है कि सरपंच की रेकी की जा रही थी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान और वारदात की पूरी कड़ी सामने आ सके।

पुलिस का बयान

डीसीपी जगजीत वालिया ने बताया कि रिसॉर्ट में एक कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें तरनतारन के झरमल सिंह शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि सरपंच पर पहले भी हमले हो चुके थे और मामला पूरी तरह पुलिस जांच के दायरे में है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह हत्याकांड पंजाब में बढ़ते गैंगस्टर नेटवर्क और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस की जांच के नतीजों पर अब सबकी नजरें टिकी हैं।

Exit mobile version