Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

अकाली धरने पर ‘आप’ की महिला कार्यकर्ताओं ने पूछे सवाल

September 25, 2026

अकाली धरने पर ‘आप’ की महिला कार्यकर्ताओं ने पूछे सवाल

AAP Women Question Harsimrat : मोगा। शिरोमणि अकाली दल के ‘मां-बेटियों को इंसाफ दिलाओ, पंजाब बचाओ’ धरने के दौरान राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। बाघापुराना और मोगा की दाना मंडी में हुए धरने में सांसद हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब सरकार पर सवाल उठाए, वहीं आम आदमी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने उनके बयानों पर सवाल उठाते हुए अकाली दल के शासनकाल में महिलाओं के सम्मान को लेकर जवाब मांगा।

इसी दौरान आम आदमी पार्टी से जुड़ी महिला कार्यकर्ताओं ने हरसिमरत कौर बादल के बयानों पर तंज कसते हुए उनसे सवाल किया कि अकाली दल की सरकारों के दौरान महिलाओं को कितना मान-सम्मान मिला। ‘आप’ महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे अकाली दल के धरने का विरोध करने या उसे रोकने नहीं आई हैं, बल्कि अपनी आवाज बुलंद करने और हरसिमरत कौर बादल से सवाल पूछने आई हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली अकाली दल को अपने शासनकाल के दौरान महिलाओं को दिए गए सम्मान का भी जवाब देना चाहिए।

महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके अनुसार आम आदमी पार्टी की सरकार में महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी में छोटे से छोटे पद पर काम करने वाली महिलाओं को भी सम्मान दिया जाता है। इसी कारण आज बड़ी संख्या में महिलाएं पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। महिला कोमल ने कहा कि हरसिमरत कौर बादल महिलाओं के सम्मान की बात कर रही हैं, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उनकी पार्टी की सरकार के दौरान महिलाओं को कौन-सा सम्मान मिला।

उन्होंने दावा किया कि पहले महिलाएं राजनीतिक गतिविधियों और रैलियों में हिस्सा लेने से झिझकती थीं, जबकि अब बड़ी संख्या में महिलाएं सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग ले रही हैं। वहीं सुखविंदर कौर ने कहा कि वे आज सड़कों पर किसी का विरोध करने नहीं, बल्कि सवाल पूछने के लिए उतरी हैं। उन्होंने कहा कि यदि अकाली दल महिलाओं के इंसाफ की बात करता है तो महिलाओं से जुड़े मामलों में इंसाफ दिलाने के लिए भी ठोस कदम उठाए। महिला कार्यकर्ताओं ने सरकार की ओर से महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता का भी जिक्र किया और कहा कि इससे कई परिवारों की घरेलू जरूरतों में मदद मिल रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें